Haldwani: मर्चेंट एसोसिएशन हल्द्वानी ने मंडी परिषद उत्तराखंड और मंडी समिति हल्द्वानी पर व्यापारियों के कथित उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ा निर्णय लिया है। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि मंडी प्रशासन की दबावपूर्ण और मनमानी कार्यप्रणाली के खिलाफ फल मंडी और गल्ला मंडी मर्चेंट एसोसिएशन संयुक्त रूप से 1 जनवरी 2026 (गुरुवार) से मंडी को पूर्ण रूप से अनिश्चितकालीन बंद रखेंगे।
व्यापारियों के अनुसार, अतिक्रमण और लीज एग्रीमेंट के नाम पर बार-बार परेशान किया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि नवीन मंडी समिति हल्द्वानी में अनियोजित निर्माण कर अवैध रूप से गोदाम और दुकानें आवंटित की गईं। साथ ही जिन गोदामों के वैध लीज एग्रीमेंट मौजूद हैं, उनका किराया स्वीकार नहीं किया जा रहा, जिससे मंडी व्यवस्था में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप और गहरे हुए हैं।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि आलू, फल और किराना कारोबार से जुड़े व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंडी बंद के निर्णय से आमजन पर भी व्यापक असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
इस आंदोलन को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, महानगर हल्द्वानी का पूर्ण समर्थन मिला है। संगठन के अध्यक्ष योगेश शर्मा, महामंत्री मनोज जायसवाल, जिला अध्यक्ष विपिन गुप्ता और जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़े रहने का ऐलान किया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
