Pithoragarh: मुनस्यारी में पेट्रोल की किल्लत से जूझ रहे पर्यटकों की समस्या उजागर करने वाले पत्रकारों को कथित रूप से धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद जिले के पत्रकार संगठनों में तीव्र रोष व्याप्त है।
आज नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इंडिया (एनयूजेआई) के जिलाध्यक्ष सुशील खत्री और पर्वतीय पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजय वर्द्धन उप्रेती के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक रेखा यादव से मुलाकात की।
पत्रकारों ने पेट्रोल पंप संचालक की ओर से फोन पर धमकी दिए जाने की घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं को सामने लाना पत्रकारिता का मूल दायित्व है। ऐसे में इस प्रकार का उत्पीड़न न केवल प्रेस की स्वतंत्रता पर आघात है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विरुद्ध है। प्रतिनिधिमंडल ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर दीपक चंद्र कापड़ी, भक्तदर्शन पांडे, कुंडल चौहान, राजेश पंगरिया, बृजेश तिवारी, विपिन गुप्ता, मनीष चौधरी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
उधर, मुनस्यारी में भी पत्रकारों ने थानाध्यक्ष अनिल आर्या को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूरन पांडे, प्रमोद द्विवेदी और मनोज बोथयाल उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
