Pithoragarh: पिथौरागढ़ जिले के थल-मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसा थल बाजार से करीब चार किलोमीटर दूर उस समय हुआ, जब बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कॉजवे से लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे मालासीमा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे तीन युवक बाइक से मसमोली की ओर जा रहे थे। थल कस्बे से आगे अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे खाई में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर युवकों को बाहर निकालने में जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार जब तक युवकों को खाई से बाहर निकाला गया, तब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायल युवक को तत्काल मुवानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मृतकों की पहचान मालासीमा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रदीप ज्याला पुत्र दरपान ज्याला और 19 वर्षीय बॉबी सिंह देउपा पुत्र डिगर सिंह देउपा के रूप में हुई है। वहीं 25 वर्षीय बलवंत भंडारी पुत्र प्रमोद भंडारी को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि प्रदीप और बॉबी दोनों ही अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। परिजन उनके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे और खाना तैयार किया जा रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद बेटों की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क की बदहाल स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां सड़क काफी खराब हालत में है और सड़क किनारे कोई क्रैश बैरियर नहीं लगाए गए हैं। लोगों का आरोप है कि यदि सुरक्षा बैरियर होते तो बाइक खाई में गिरने से बच सकती थी और युवकों की जान भी बचाई जा सकती थी।
सूचना मिलने पर थल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
