Pithoragarh: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की एक कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान जैसे ही वाहन उमरगड़ा के पास पहुंचा, चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन के अनुसार मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा की गंभीर स्थिति को उजागर करता है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए सड़क सुरक्षा उपायों को और सख्त किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
