Haldwani: मंगलपड़ाव क्षेत्र में मोबाइल लूट और डिजिटल ठगी के मामले का नैनीताल पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मोबाइल लूटने के बाद पीड़ित के गूगल पे के माध्यम से ₹42 हजार की रकम निकाल ली थी।
मामले के अनुसार 13 मार्च 2026 को हरेंद्र सिंह पुत्र नकौल सिंह निवासी टीमर बड़ौन, खनस्यू जनपद नैनीताल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 9 मार्च 2026 को अज्ञात व्यक्तियों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया था। इसके बाद उसी मोबाइल से गूगल पे के जरिए उनके खाते से ₹42,000 निकाल लिए गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक कुआशा शर्मा को सौंपी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 14 मार्च 2026 को पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को लूटे गए मोबाइल फोन और ₹26,000 नकद के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अरुण सोलंकी (19 वर्ष) निवासी एयरफोर्स गेट, नैनीताल रोड, थाना इज्जतनगर, जिला बरेली तथा सचिन सोलंकी (20 वर्ष) निवासी मुख्य बाजार, सर्प गांव मार्ग, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा के रूप में की है।
पुलिस टीम में व0उ0नि0 भूपेंद्र मेहता, उ0नि0 कुआशा शर्मा, हेड कांस्टेबल इसरार नवी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
