॰ पिथौरागढ़ के मड़ेगांव में मां-बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, दो साल पहले बड़ी बेटी को भी खो चुका था परिवार
Pithoragarh: मड़ेगांव (वड्डा) क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 14 वर्षीय इकलौते बेटे की मौत के कुछ ही समय बाद उसकी मां ने सरयू नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस ने तलाश के बाद महिला का शव बरामद कर लिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मड़ेगांव निवासी 14 वर्षीय जतिन जोशी शनिवार सुबह झौलखेत मैदान में दौड़ने गया था। घर लौटते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जतिन की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद स्पष्ट होगी।
इकलौते बेटे की मौत की खबर से उसकी मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा गहरे सदमे में थीं। बताया जा रहा है कि अस्पताल से निकलने के बाद वह टैक्सी से गंगोलीहाट की ओर रवाना हुईं। घाट क्षेत्र में उन्होंने वाहन रुकवाया और अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी। उन्हें बचाने के लिए एक स्थानीय होटल स्वामी ने भी नदी में छलांग लगाई, लेकिन तेज बहाव के कारण महिला को बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि परिवार करीब दो वर्ष पहले अपनी बड़ी बेटी को भी मधुमेह की बीमारी के चलते खो चुका था। अब बेटे और मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
महिला के पति कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में कार्यरत हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में तैनात बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मड़ेगांव क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

Chief Editor, Aaj Khabar
