Haldwani: राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों और जिला प्रशासन की टीम ने बनभूलपुरा के रेलवे अतिक्रमण प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में किया गया। निरीक्षण के बाद डीएम कैंप कार्यालय में बैठक भी आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के उद्देश्य से 19 मार्च से 31 मार्च तक प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत विशेष कैंप लगाए जाएंगे। ये कैंप प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
प्रशासन के अनुसार यह कैंप अतिक्रमण प्रभावित छह स्थानों पर लगाए जाएंगे, जहां प्रभावित परिवारों को योजना से संबंधित जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में अतिक्रमण प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए यह पहल की जा रही है। कैंप के दौरान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ जिला प्रशासन की टीम भी मौजूद रहेगी, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाया जा सके।
इस दौरान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रदीप कुमार मणि त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसपी सिटी मनोज कत्याल, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम प्रमोद कुमार, सीओ अमित कुमार समेत थाना बनभूलपुरा पुलिस भी उपस्थित रही।

Chief Editor, Aaj Khabar
