Headlines

Pantnagar: पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का भव्य शुभारम्भ, मुख्यमंत्री धामी ने आधुनिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने का दिया मंत्र

Pantnagar: पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का भव्य शुभारम्भ, मुख्यमंत्री धामी ने आधुनिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने का दिया मंत्र
शेयर करे-

Pantnagar: कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में शनिवार को 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया तथा विश्वविद्यालय की साहित्य सामग्री का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय में इतने बड़े कृषि मेले का आयोजन प्रदेश के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से किसानों को नई तकनीकों, नवाचारों और आधुनिक खेती की जानकारी मिलती है तथा उन्हें वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का अवसर भी प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता और असली नायक हैं। किसानों की मेहनत और समर्पण से ही देश को अन्न मिलता है और राष्ट्र की प्रगति संभव होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना में किसानों की अहम भूमिका है और सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है। शुक्रवार को इस योजना की 22वीं किस्त जारी की गई है। उत्तराखंड में 9 लाख से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए घेरबाड़ के कार्य हेतु केंद्र सरकार द्वारा 25 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, किसान मानधन योजना, बागवानी विकास योजना, कृषि यंत्र अनुदान योजना और बूंद-बूंद सिंचाई योजना जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा भी बढ़ाकर तीन लाख से पांच लाख रुपये कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पॉलीहाउस को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके लिए 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। अब तक 115 करोड़ रुपये की लागत से 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं। प्रदेश में भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र विशेष के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति लागू की गई है। इसके अलावा प्रदेश में सात एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं और ड्रैगन फ्रूट की बढ़ती मांग को देखते हुए इसकी खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में फलों के उत्पादन में ढाई प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मशरूम उत्पादन 27 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया है, जिससे उत्तराखंड देश में पांचवें स्थान पर आ गया है। वहीं राज्य में मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन की भी अपार संभावनाएं हैं। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 3300 मीट्रिक टन शहद का उत्पादन हो रहा है और राज्य देश में आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र में 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है, जिसमें कृषि, उद्यान, एरोमैटिक खेती, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और अनुसंधान के लिए पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने किसानों से नई कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने और प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग मेले में भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलक राज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *