Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार मनाया लोक पर्व फूलदेई, बच्चों के संग देहरी पर चढ़ाए फूल-चावल

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार मनाया लोक पर्व फूलदेई, बच्चों के संग देहरी पर चढ़ाए फूल-चावल
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार उत्तराखंड के लोक पर्व फूलदेई को हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक परिधान पहनकर पहुंचे बच्चों ने घर की देहरी पर फूल और चावल अर्पित किए तथा प्रदेश की खुशहाली के लिए मंगलकामना की। बच्चों ने “फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला-उतुके सई” जैसे पारंपरिक लोकगीत गाकर वातावरण को उत्सवमय बना दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भी भेंट किए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोक पर्व फूलदेई उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक है। यह पर्व बसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति की सुंदरता और जीवन में नई ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोकपर्व हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे त्योहारों को धूमधाम से मनाने से हमारी परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंचती हैं और हमारी सांस्कृतिक पहचान सशक्त होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति के प्रति आभार, बसंत के स्वागत और लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश देने वाला फूलदेई पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर श्रीमती गीता पुष्कर धामी भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *