Haldwani: नैनीताल में घरेलू गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद शुक्रवार को इंडियन गैस गोदाम पर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलने पर काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद गैस सिलेंडरों को बड़े ट्रकों से छोटे वाहनों में लोड कर विभिन्न क्षेत्रों में होम डिलीवरी के लिए भेजा गया।
इसी दौरान एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडेय और पूर्ति विभाग की टीम भी गैस गोदाम पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए गोदाम से वापस घर भेजा और स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर सीधे गोदाम से किसी को नहीं दिया जाएगा।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्व की तरह केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में गैस वाहनों को भेजा गया है ताकि लोगों को घर तक सिलेंडर मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए पूर्ति विभाग के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट में न आएं, जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
