Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में 13 लाख की चोरी का पर्दाफाश, 100 से अधिक CCTV खंगालकर आरोपी तक पहुंची नैनीताल पुलिस

Haldwani: हल्द्वानी में 13 लाख की चोरी का पर्दाफाश, 100 से अधिक CCTV खंगालकर आरोपी तक पहुंची नैनीताल पुलिस
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले में चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की है।

मामला तब सामने आया जब आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 निवासी हेमचंद्र लोहनी ने 12 मार्च 2026 को थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह 2 मार्च से 5 मार्च तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला, जिला अल्मोड़ा गए हुए थे। इस दौरान अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गया।

शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में FIR संख्या 23/26 धारा 305(a)/331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और जांच उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र को सौंपी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इंटेलिजेंस के माध्यम से संदिग्ध की पहचान की। 13 मार्च 2026 को हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम, जिला नैनीताल बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए सोने के मंगलसूत्र, पौंची, नथ, बैग टीका, झुमके, ₹2250 नगद और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना काठगोदाम में पहले से ही चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ₹2000 नगद इनाम देने की घोषणा की है। चोरी के खुलासे में कांस्टेबल बलवंत सिंह और कांस्टेबल रोहित कुमार की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने आसपास के करीब 100-150 सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान में अहम योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *