Headlines

Ramnagar: घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा भी बरामद

Ramnagar: घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा भी बरामद
शेयर करे-

Ramnagar: नैनीताल जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को गुरमीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी ग्राम कंदला ने कोतवाली रामनगर में तहरीर दी थी कि अर्जुन और उसके साथियों ने एक राय होकर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से तमंचे व लाठी-डंडों से हमला किया। इस मामले में कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 56/26 धारा 191(2), 191(3), 109, 333, 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पीरूमदारा क्षेत्र से आरोपी हितेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हितेश शर्मा पुत्र जितेंद्र शर्मा निवासी ग्राम जमुनाठेर, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) है।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 65/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *