Nainital: जनपद नैनीताल में वैश्विक परिस्थितियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच जिला प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अहम निर्णय लिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए फिलहाल गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर वितरण पर रोक लगाते हुए डोर-टू-डोर आपूर्ति प्रणाली लागू करने का आदेश दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देशानुसार जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं के दौरान गैस एजेंसियों को अत्यधिक फोन कॉल प्राप्त हो रहे हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को एजेंसियों में जाकर सिलेंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे कई स्थानों पर भीड़ बढ़ रही है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बन रही है।
प्रशासन ने इन परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण सीधे एजेंसी परिसर से न किया जाए। इसके बजाय उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की आपूर्ति घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को बिना भीड़-भाड़ के सुरक्षित तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के उद्देश्य से ही गैस एजेंसी में आ सकते हैं। एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि बुकिंग के बाद संबंधित उपभोक्ताओं तक नियमानुसार घर-घर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों में भीड़ न लगाएं और डोर-टू-डोर गैस वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं, जिससे गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके। यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
