Headlines

Uttarakhand: बागेश्वर के कपकोट में दर्दनाक सड़क हादसे में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो महिलाओं की मौत और कई घायल

Uttarakhand: बागेश्वर के कपकोट में दर्दनाक सड़क हादसे में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो महिलाओं की मौत और कई घायल
शेयर करे-

Uttarakhand: जनपद बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखाड़ी क्षेत्र के बावे बेंड के पास एक बोलेरो वाहन लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

तहसील प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन (UK-02 TA 3078) भराड़ी से सवारियां लेकर खलझूनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रिखाड़ी के पास मुनार क्षेत्र में स्थित बावे बेंड के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे।

हादसे की सूचना क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह ने पुलिस और तहसील प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट लाया जा रहा है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घायलों में वाहन चालक दीपक राम (36), नीमा देवी (32), प्रेमा देवी (38) और कमल सिंह (38) शामिल हैं।

हादसे में मृत महिलाओं में पनुली देवी की पहचान हो गई है, जबकि दूसरी महिला की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना है, जिसकी तलाश जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल, थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *