Pantnagar: गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र ने शुक्रवार को छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान 19 वर्षीय नीरज पुत्र छोटे लाल, निवासी दरऊ, किच्छा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नीरज इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग का विद्यार्थी था और विवि के विपिन सिंह रावत छात्रावास के कमरा नंबर 75 में रहता था। शुक्रवार सुबह वह क्लास में नहीं गया जबकि उसके साथ रहने वाले दोनों छात्र कक्षा में चले गए थे। इसी दौरान उसने नायलान की रस्सी से फांसी लगा ली।
दोपहर एक बजे जब साथी छात्र लौटे और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। वार्डन को बुलाने के बाद दरवाजे का ऊपर का कांच तोड़ा गया तो नीरज फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना तुरंत सुरक्षा अधिकारी और पंतनगर थाना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस को छात्र के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अंग्रेजी की कमजोरी के कारण पढ़ाई में असमर्थता जताते हुए माता-पिता से माफी मांगी है। इस घटना से विवि परिसर में गमगीन माहौल है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Chief Editor, Aaj Khabar
