Haldwani: उत्तराखंड में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को हल्द्वानी में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण महारा और विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बुध पार्क में एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो” जैसे नारे लगाए। इस दौरान पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और आम जनता डर के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था सुधारने की मांग की। प्रदर्शन में स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Chief Editor, Aaj Khabar
