Pantnagar: गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान को नई दिल्ली में आयोजित 52वें डेयरी इंडस्ट्री कॉन्फ्रेंस (DIC) में प्रतिष्ठित ‘प्रोफेसर एम.आर. श्रीनिवासन मेमोरियल लेक्चर एंड ऑरेशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन इंडियन डेयरी एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया। डेयरी विज्ञान एवं कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें ₹50,000 की सम्मान राशि भी प्रदान की गई। यह सम्मान न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
प्रो. चौहान के नेतृत्व में 29 अगस्त 2022 से 28 अगस्त 2025 तक विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अवधि में विश्वविद्यालय ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में 102 पायदान की ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए 209वां स्थान प्राप्त किया। साथ ही इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च की पीआरटी द्वारा विश्वविद्यालय को ‘A’ रेटिंग प्रदान की गई। 14वें एग्रीकल्चर लीडरशिप कॉन्क्लेव में संस्थान को ‘अकादमिक लीडरशिप अवॉर्ड 2023’ से भी नवाजा गया।
शैक्षणिक क्षेत्र में 34वें, 35वें और 36वें दीक्षांत समारोहों के दौरान कुल 4,809 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। अनुसंधान के क्षेत्र में 15 नई फसल प्रजातियों का विकास किया गया। इस अवधि में 44 पेटेंट फाइल किए गए, 34 प्रकाशित हुए और 19 पेटेंट स्वीकृत हुए। विश्वविद्यालय देश में प्रजनक बीज उत्पादन में अग्रणी रहा, जहां प्रतिवर्ष 7,000 से 8,000 क्विंटल बीज का उत्पादन किया गया।
पशुधन संरक्षण के तहत बद्री गाय, पंतजा, चौगर्खा और उदयपुरी बकरी जैसी देशी नस्लों के संरक्षण को प्राथमिकता दी गई। उदयपुरी बकरी का पंजीकरण आईसीएआर-नेशनल ब्यूरो ऑफ एनिमल जेनेटिक रिसोर्सेज में कराया गया। मत्स्य पालन के क्षेत्र में सर्कुलर फिश कार्प हैचरी में प्रतिवर्ष 4 करोड़ स्पॉन उत्पादन का रिकॉर्ड भी स्थापित किया गया।
अवसंरचना विकास के अंतर्गत 225 विद्यार्थियों की क्षमता वाले जनरल बिपिन रावत छात्रावास, महिला व्यायामशाला, वेलनेस सेंटर और मधु वाटिका का लोकार्पण किया गया। परिसर की सुरक्षा के लिए 90 सीसीटीवी कैमरों का सर्विलांस सिस्टम स्थापित किया गया तथा पुराने छात्रावासों, सड़कों, मुख्य द्वारों और गांधी सभागार का नवीनीकरण कराया गया।
किसान कल्याण के क्षेत्र में 113वें से 117वें अखिल भारतीय किसान मेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें 98,500 किसानों ने सहभागिता की और 3.085 करोड़ रुपये के बीज एवं पौधों की बिक्री दर्ज की गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा विश्वविद्यालय को ‘9वां राष्ट्रीय सामुदायिक रेडियो पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
प्रशासनिक सुधारों के तहत 109 शिक्षकों के लंबित पदोन्नति प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा जनवरी 2025 से त्रैमासिक न्यूज़लेटर ‘पंतनगर प्रवाह’ का प्रकाशन प्रारंभ किया गया।
प्रो. चौहान के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध नवाचार, किसान उन्नयन और पारदर्शी प्रशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां स्थापित कर पंतनगर की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत किया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
