Dehradun: उत्तराखंड समेत देशभर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और पर्यावरणीय चुनौतियों के मद्देनज़र राजधानी देहरादून में मंगलवार को सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित ‘रोड सेफ्टी एंड ग्रीन अर्थ मैराथन’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 किलोमीटर की मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा। फ्लैग ऑफ से पूर्व मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं और प्रतिभागियों को यातायात नियमों के पालन तथा पर्यावरण की रक्षा के प्रति शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं और जलवायु परिवर्तन दोनों ही गंभीर चुनौतियां बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अधिकतर सड़क हादसे ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं, जिन्हें सख्ती और जागरूकता से रोका जा सकता है। राज्य सरकार ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट चेंज का प्रभाव पूरी दुनिया झेल रही है, ऐसे में केवल सरकारों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही हर नागरिक का कर्तव्य हैं और सरकार इन दोनों क्षेत्रों में निरंतर ठोस कदम उठा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
