Haldwani: पिछले करीब दो वर्षों से शहर में चल रहे सड़क निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों की धीमी रफ्तार और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली को लेकर अब जनाक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों ने कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट को सामूहिक ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्यों में हो रही लापरवाही और अनियमितताओं पर कड़ी नाराजगी जताई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बाहरी ठेकेदार कंपनियां बिना किसी स्पष्ट योजना और तय समय-सीमा के शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़कें खोद देती हैं, लेकिन लंबे समय तक कार्य अधूरा छोड़ दिया जाता है। परिणामस्वरूप नगर की अधिकांश सड़कें टूटी-फूटी हालत में पड़ी हैं, जिससे धूल, गड्ढों और जाम की समस्या लगातार बनी हुई है।
ललित जोशी समेत स्थानीय नागरिकों ने कहा कि खराब सड़कों के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के दौरान भी लोगों को आवाजाही में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित ठेकेदार मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं और प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी निगरानी का अभाव दिखाई दे रहा है। पिछले दो वर्षों से जनता लगातार समस्याएं झेल रही है, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल संबंधित विभागों और ठेकेदारों की बैठक बुलाकर एक स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करे, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो सके। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
