Headlines

Almora: अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट निरीक्षण में कमिश्नर दीपक रावत सख्त, लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण और रिकॉर्ड डिजिटलीकरण के निर्देश

Almora: अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट निरीक्षण में कमिश्नर दीपक रावत सख्त, लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण और रिकॉर्ड डिजिटलीकरण के निर्देश
शेयर करे-

Almora: कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण कर लंबित न्यायिक वादों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कलेक्टर कोर्ट में लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की और स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा एवं अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने आयुक्त का स्वागत किया। आयुक्त ने जिलाधिकारी को अधीनस्थ न्यायालयों में चल रहे मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने रिकॉर्ड रूम का भी अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, बहुमूल्य एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण तथा डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख बस्तों पर वर्षवार स्टीकर चस्पा किए जाएं ताकि दस्तावेजों की ट्रेसिंग आसान हो सके। आजादी से पूर्व के अभिलेखों को अलग से सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

आयुक्त ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए आमजन को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को सरकारी सेवाएं त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से उपलब्ध कराई जाएं तथा जनसेवा में संवेदनशीलता बनाए रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *