Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Almora: अल्मोड़ा नंदा देवी मेले में झूले की ट्रॉली टूटने से दो घायल, युवक के पैर में दो फ्रैक्चर

Almora: अल्मोड़ा नंदा देवी मेले में झूले की ट्रॉली टूटने से दो घायल, युवक के पैर में दो फ्रैक्चर
शेयर करे-

Almora: नंदा देवी महोत्सव के अंतिम दिन एडम्स मैदान में झूले की ट्रॉली टूटने से दो लोग घायल हो गए। हादसे में खोल्टा निवासी मोहित परिहार गंभीर रूप से घायल हुए, जिनके एक पैर में दो जगह फ्रैक्चर और दूसरे पैर के डिसलोकेट होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया है। हादसे के बाद मेला व्यवस्था और झूला संचालन को लेकर लोगों में आक्रोश है। प्रशासन ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं।

बुधवार देर शाम एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज के मैदान में झूलों का संचालन जारी था। मेले के अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोग मैदान में मौजूद थे। इसी दौरान मोहित परिहार और लोअर मॉल रोड निवासी दीपा आर्या एक ही ट्रॉली में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूले के दूसरे राउंड में जमीन के नजदीक पहुंचते ही ट्रॉली टूटकर नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। मोहित परिहार को गंभीर चोटों के चलते हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। दीपा आर्या को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

मोहित परिहार ने बताया कि झूले की सभी ट्रॉलियां भरी हुई थीं। दूसरे राउंड में जब झूला जमीन के नजदीक पहुंचा, तभी ट्रॉली टूट गई और वह उसके नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि उनके बाएं पैर में दो जगह फ्रैक्चर और दाएं पैर में डिसलोकेशन हुआ है।

मोहित ने मेला और झूला संचालकों की कथित लापरवाही पर सवाल उठाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। उन्होंने प्रशासन से जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

हादसे में घायल दीपा आर्या ने बताया कि उनके पैर में चोट लगी है और सूजन है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। उन्होंने भी पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर देने की बात कही है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में मेला और झूला संचालकों के खिलाफ नाराजगी है। लोगों ने घायलों के इलाज का खर्च उठाने और अतिरिक्त मुआवजा दिलाने की मांग की है।

एसडीएम अल्मोड़ा संजय कुमार ने बताया कि घायलों का उपचार कराया गया है और पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *