Headlines

Almora: ससुर की हत्या कर फरार हुए दामाद और बेटी गिरफ्तार, अल्मोड़ा पुलिस ने जम्मू कश्मीर से दबोचा

Almora: ससुर की हत्या कर फरार हुए दामाद और बेटी गिरफ्तार, अल्मोड़ा पुलिस ने जम्मू कश्मीर से दबोचा
शेयर करे-

Almora: जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के सैली गांव में ससुर की हत्या के सनसनीखेज मामले का अल्मोड़ा पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार दामाद और बेटी को जम्मू कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी हत्या के बाद लगातार ठिकाने बदलते रहे, लेकिन सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, दन्या थाना क्षेत्र के सैली गांव निवासी नारायण दत्त ने 20 जून की रात अपने बेटे चंद्रशेखर पर जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि चंद्रशेखर पर उसके दामाद धर्मवीर शर्मा, बेटी जानकी पांडे और पत्नी ने दरांती से हमला किया। गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर को उपचार के लिए हल्द्वानी ले जाया गया, जहां 21 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी दामाद और बेटी फरार हो गए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 23 जून को आरोपियों की कार हरियाणा के हिसार से बरामद हुई। इसके बाद सर्विलांस और तकनीकी इनपुट के आधार पर उनके कटरा (जम्मू-कश्मीर) में छिपे होने की जानकारी मिली। स्थानीय पुलिस के सहयोग से 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और 27 जून को दन्या थाना लाया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर उसकी संलिप्तता नहीं पाई गई।

एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि शादी से पहले चंद्रशेखर अपनी बेटी जानकी के साथ अत्याचार करता था। इसी रंजिश के चलते दोनों करीब एक महीने से हत्या की साजिश रच रहे थे। गांव आने के लिए पैसों की व्यवस्था करने हेतु धर्मवीर शर्मा ने अपनी सोने की अंगूठी और जानकी ने मंगलसूत्र व कान के झुमके बेच दिए। इसके बाद दोनों 20-21 जून की रात कार से गांव पहुंचे और दरांती से हमला कर चंद्रशेखर को मृत समझकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी धर्मवीर शर्मा की निशानदेही पर सौधारा बैंड के पास से हत्या में प्रयुक्त दरांती और खून से सनी कमीज भी बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया कि धर्मवीर शर्मा के खिलाफ हरियाणा में पहले से 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

एसएसपी ने मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *