Headlines

Almora: अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार से चार लोगों की मौत, दो गंभीर घायल

Almora: अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार से चार लोगों की मौत, दो गंभीर घायल
शेयर करे-

Almora: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया गांव के पास हुआ, जहां एक मारुति अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अल्टो कार (यूके-04 जेड-5819) चायखान-बेगानिया मार्ग से गुजर रही थी। बलिया गांव के समीप अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया।

हादसे में ग्राम बलिया निवासी राजेंद्र सिंह बेलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) और पान सिंह (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल सचिन बेलवाल (18) और गोपाल सिंह (45) को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।

इस हादसे का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि मृतक राजेंद्र सिंह बेलवाल अपने बेटे सचिन बेलवाल के साथ कार में सवार थे। दुर्घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस वाहन की तकनीकी खराबी, चालक का नियंत्रण खोना समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

भाजपा नेता सुभाष पांडेय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *