Haldwani: सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर में बड़ा नुकसान पहुंचाया। आईटीआई से रामपुर रोड और क्रियाशाला को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग निर्माणाधीन परिसर की दीवार गिरने के बाद अचानक धंस गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, आईटीआई के समीप स्थित एक निर्माणाधीन परिसर की दीवार लगातार बारिश के चलते भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से सड़क का बड़ा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया।
प्रशासन ने आईटीआई-धानमिल मार्ग पर यातायात रोकते हुए वाहनों को क्रियाशाला मार्ग से सीधे रामपुर रोड की ओर डायवर्ट कर दिया है, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन परिसर के जिम्मेदारों को सड़क किनारे जल्द रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इसके साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल और विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आईटीआई-धानमिल मार्ग पर अनावश्यक आवाजाही से बचें और सुरक्षा की दृष्टि से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। फिलहाल संबंधित विभाग सड़क बहाली और मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
