Headlines

Haldwani: राजस्व मामलों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, डीएम रयाल ने दिए त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश

Haldwani: राजस्व मामलों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, डीएम रयाल ने दिए त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से विरासत, नामांतरण एवं भूमि विवादों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी राजस्व मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि उनके अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित पुराने वादों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजिस्ट्रेट नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर वादों का निपटारा करें तथा न्यायालय कक्ष के बाहर बोर्ड पर न्यायालय में बैठने का दिन एवं तिथि अनिवार्य रूप से अंकित करें।

उन्होंने तहसीलों में किसी भी निजी व्यक्ति की दखलंदाजी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन की छवि पर आंच नहीं आनी चाहिए। यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्विवाद विरासत, नामांतरण एवं अन्य राजस्व प्रकृति के मामलों के समाधान हेतु ग्राम स्तर पर चौपाल आयोजित कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजस्व विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले प्रमाण पत्र निर्धारित समयसीमा में जारी हों।

राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह संग्रह अमीनों की व्यक्तिगत कार्यकुशलता की समीक्षा करने को कहा। जिन संग्रह अमीनों की वसूली जनपदीय औसत से कम पाई जाए, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

तीन माह से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने लंबित मजिस्ट्रियल जांचों को भी समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद स्तर से भेजी जाने वाली सभी रिपोर्ट समय पर प्रेषित की जाएं तथा किसी भी स्तर पर निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आबकारी विभाग की समीक्षा में उन्होंने जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री एवं संचरण पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों की प्रगति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी सहित सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *