Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ओबीसी संसदीय समिति सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओबीसी वर्ग के कल्याण के लिए विधिक और संस्थागत स्तर पर प्रभावी व्यवस्थाओं के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के पॉलिसी रिव्यू, फीडबैक और फॉलोअप के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक ओबीसी परिवार तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 90 जाति एवं उपजाति समुदाय ओबीसी सूची में शामिल हैं, जिनके सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की नीतियों और बजट निर्माण में गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी जाती है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
बैठक में ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के अध्यक्ष सांसद गणेश सिंह सहित सांसद विजय बघेल, डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी (साक्षी महाराज), विद्युत बरन महतो, रोडमल नागर, रमाशंकर विद्यार्थी राजभर, डॉ. अशोक कुमार यादव, गिरधारी यादव, मस्तान राव यादव बीड़ा, राजेंद्र गहलोत, शुभाशीष खूंटिया, मयंक कुमार नायक एवं डॉ. भीम सिंह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव लोकसभा अतुल आनंद, उप सचिव लोकसभा पुनीत भाटिया, मुख्यमंत्री के अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पीएनबी के जोनल मैनेजर अनुपम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
