Headlines

Dehradun: देहरादून में भाजपा पार्षद के घर नशीला पदार्थ देकर लूट, 20 दिन पहले रखा घरेलू सहायक निकला मास्टरमाइंड

Dehradun: देहरादून में भाजपा पार्षद के घर नशीला पदार्थ देकर लूट, 20 दिन पहले रखा घरेलू सहायक निकला मास्टरमाइंड
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और घर से लाखों रुपये के आभूषण व नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे करीब 20 दिन पहले दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से घर में रखा गया घरेलू सहायक भरत थापा और उसके साथियों के शामिल होने की बात सामने आई है।

मामला बल्लीवाला स्थित नाथ वाटिका का है, जहां वार्ड-36 विजय पार्क की भाजपा पार्षद अमिता सिंह अपने पति महिपाल और बेटे शुभम के साथ रहती हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात घरेलू सहायक भरत थापा ने परिवार के लिए खाना तैयार किया। रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच पार्षद, उनके पति और बेटे ने खाना खाया। कुछ देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए।

पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के बेसुध होते ही भरत थापा ने अपने चार साथियों को घर में बुलाया। इसके बाद आरोपितों ने घर से सोने के आभूषण और नकदी समेटी और फरार हो गए। रात करीब पौने एक बजे परिवार के सदस्यों को होश आया तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और घरेलू सहायक गायब था। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

घटना के बाद अमिता सिंह, उनके पति और बेटे को देर रात सिनर्जी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद पति और बेटे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि पार्षद अमिता सिंह को चिकित्सकों ने निगरानी में भर्ती रखा है।

एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल ने बताया कि घरेलू सहायक भरत थापा ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने भरत थापा समेत अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अमिता सिंह की बेटी दिल्ली में रहती हैं और उन्होंने करीब 20 दिन पहले दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से भरत थापा को घरेलू काम के लिए रखा था। घर आने के बाद भरत ने खाना बनाने समेत अन्य घरेलू काम किए और परिवार का भरोसा हासिल कर लिया।

पुलिस अब उस एजेंसी से भरत थापा की भर्ती, पहचान, दस्तावेज और पते से संबंधित जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपितों को घर में रखे आभूषण और नकदी की जानकारी कैसे मिली।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी। पुलिस आरोपितों के मोबाइल नंबर, उनकी आवाजाही और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *