Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में भरोसे का सौदा पड़ा भारी, बहन बनाकर महिला का मकान बिकवाने और 1.70 करोड़ का लोन दिखाने का आरोप

Haldwani: हल्द्वानी में भरोसे का सौदा पड़ा भारी, बहन बनाकर महिला का मकान बिकवाने और 1.70 करोड़ का लोन दिखाने का आरोप
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में भागीरथी जोशी ने फतेहपुर निवासी भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी पर प्रॉपर्टी कारोबार और बैंक लोन दिलाने का भरोसा देकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी ने भरोसे में लेकर संपत्ति के दस्तावेज लिए और बाद में करीब 2.58 करोड़ रुपये में मकान बेच दिया। साथ ही पीड़िता के नाम पर करीब 1.70 करोड़ रुपये का बैंक लोन भी दिखाया गया। पुलिस ने 29 सितंबर की रात प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुखानी के छड़ायल नयाबाद स्थित चंद्रानगर कॉलोनी निवासी भागीरथी जोशी ने फतेहपुर के नील पोखरा नंबर-2 निवासी भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक फरवरी 2024 से जुलाई 2025 के बीच आरोपी ने उन्हें प्रॉपर्टी कारोबार में निवेश और बैंक लोन दिलाने का भरोसा दिया था।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी शराब का कारोबार करता था और उसने भरोसे में लेकर उन्हें अपनी बहन बनाया। इसके बाद कारोबार बढ़ाने के नाम पर आरोपी ने जमीन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज तीन महीने के लिए मांगे। इसके बदले हर महीने 1.50 लाख रुपये देने की बात कही गई थी। भरोसा होने पर पीड़िता ने संपत्ति से संबंधित दस्तावेज आरोपी को सौंप दिए।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने बैंक लोन के लिए विभिन्न दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया। उसने जल्द ही संपत्ति को बंधक से मुक्त कराने का भरोसा भी दिया। पीड़िता के मुताबिक बाद में उन्हें पता चला कि उनकी संपत्ति करीब 2.58 करोड़ रुपये में बेच दी गई है। इसके अलावा उनके नाम पर करीब 1.70 करोड़ रुपये का बैंक लोन भी कागजों में दिखाया गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मियों की मिलीभगत से पूरी धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। मामले की शिकायत पुलिस से किए जाने के बाद मुखानी पुलिस ने 29 सितंबर की रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपी को नोटिस भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पीड़िता की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *