Haldwani: जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल के जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। कांग्रेस ने प्रशासन से फायर सीजन के दौरान जंगलों में लगने वाली आग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि हर वर्ष गर्मियों में जिले के पर्वतीय इलाकों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे वन संपदा, पर्यावरण, वन्यजीवों, कृषि और ग्रामीण जनजीवन को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार वनाग्नि रोकने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि वनाग्नि से निपटने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही वन क्षेत्रों को सेक्टरों में विभाजित कर जिम्मेदारियां तय की जाएं और जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, जंगलों के भीतर मौजूद तालाबों और जल स्रोतों को भरवाने तथा वन्यजीवों और पशु-पक्षियों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि भाजपा सरकार वनाग्नि जैसी गंभीर समस्या को लेकर संवेदनशील नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि जंगलों में लगने वाली आग केवल पेड़ों को ही नहीं जलाती, बल्कि पर्यावरण, जैव विविधता और ग्रामीणों की आजीविका को भी प्रभावित करती है। सरकार को केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में वनाग्नि की घटनाएं और विकराल रूप ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर्यावरण संरक्षण और जनता के हितों के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में विधायक सुमित हृदयेश, राहुल छिमवाल, हेमन्त बगड़वाल, सतीश नैनवाल, भोला दत्त भट्ट, ललित जोशी, नरेश अग्रवाल, राजेन्द्र खनवाल, सुहैल सिद्दीकी, इंदर पाल आर्य, प्रदीप बथयाल, गिरीश पांडे, गोविंद बगड़वाल, जीवन कार्की, जगमोहन चिलवाल, संजय किरौला, नंदन दुर्गापाल, दीप पाठक और संदीप भैसोड़ा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
