Headlines

Dehradun: नव वर्ष 2026 को लेकर मुख्यमंत्री धामी सख्त, 05 जनवरी तक यातायात व कानून व्यवस्था पर विशेष निगरानी के निर्देश

Dehradun: नव वर्ष 2026 को लेकर मुख्यमंत्री धामी सख्त, 05 जनवरी तक यातायात व कानून व्यवस्था पर विशेष निगरानी के निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ नव वर्ष 2026 के अवसर पर प्रदेश में यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था, पर्यटकों की सुविधा और आवागमन को सुचारू बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 05 जनवरी 2026 तक प्रदेशभर में यातायात व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस को नियमित रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और वरिष्ठ अधिकारियों को समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रमुख पर्यटन स्थलों, अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नव वर्ष के अवसर पर सभी जनपदों में यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाओं और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। अनियंत्रित वाहन संचालन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही शराब के ठेकों के आसपास भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि चेकिंग के नाम पर आम जनता और पर्यटकों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।

मुख्यमंत्री ने देहरादून सहित प्रदेश के अन्य जनपदों में सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन विभाग और एमडीडीए को संयुक्त रूप से टास्क फोर्स बनाकर निरंतर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। साथ ही होटल और रिसॉर्ट्स में फायर सेफ्टी समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया समय 5 मिनट के भीतर सुनिश्चित की जाए। शीतकालीन यात्रा को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, सूचना केंद्रों को सक्रिय रखने, स्ट्रीट लाइट और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वच्छता अभियान और प्लास्टिक मुक्त उत्तराखण्ड के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक संगठनों के साथ-साथ आम जनता का भी सहयोग लिया जाए।

बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *