॰ त्योहारी सीजन, कुंभ-2027 और सड़कों को लेकर सीएम की बड़ी बैठक
॰ त्योहारों पर तुरंत दर्ज हों FIR, वन्यजीवों के हमले रोके वन विभाग, सीएम धामी ने कुमाऊं-गढ़वाल के अफसरों को दिया टास्क
Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में देर रात तक प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) के साथ करीब चार घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, जनसुविधाओं और हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़कों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सभी जिलाधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करने और लंबित मरम्मत कार्यों को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह जल्द ही सड़क मार्ग से पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान कहीं सड़क टूटी मिली या मरम्मत कार्य में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधूरे कार्य एक नवंबर तक पूरे कर खोदी गई सड़कों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में नगर निगमों, नगर पालिकाओं और अन्य नगरीय निकायों की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पटवारियों और तहसीलदारों को लंबित प्रकरणों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान देने और जिला योजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कराने के निर्देश दिए। पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि संज्ञेय अपराधों के मामलों में नियमानुसार तत्काल एफआईआर दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नवरात्र और आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। ऑपरेशन कालनेमि और सत्यापन अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि त्योहारों और हरिद्वार कुंभ-2027 को देखते हुए इन अभियानों को और प्रभावी बनाया जाए। धार्मिक स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
शीतकालीन पर्यटन और यात्रा सीजन को देखते हुए मसूरी, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश समेत प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के लिए पहले से यातायात योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं, हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत और सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। पर्वतीय, दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों और आबादी के आसपास भालू, तेंदुए सहित अन्य वन्यजीवों के हमलों की घटनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संबंधित जनपदों के प्रभारी सचिव प्रत्येक 15 दिन में आवंटित जिले का भ्रमण करें। इस दौरान जिले और विकासखंड स्तर पर विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने और जिम्मेदारी से बचने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में गृह सचिव, गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्त, प्रदेश के सभी जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दोनों पुलिस परिक्षेत्रों के पुलिस महानिरीक्षक और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
