Nainital: नव वर्ष के आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिले में जिन होटल, क्लब अथवा अन्य संस्थानों ने एक दिन के लिए लीकर लाइसेंस लेकर नववर्ष पार्टी आयोजित करने की अनुमति प्राप्त की है, उनके लिए स्पष्ट सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आयोजकों को निर्देशित किया है कि वे कार्यक्रम से पूर्व अपने-अपने स्थानीय थाना प्रभारी से समन्वय स्थापित करें और आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की अनुमानित संख्या, बैठने की व्यवस्था तथा फायर सेफ्टी से संबंधित सभी विवरण साझा करें।
आयोजन स्थलों पर न्यूनतम तीन से चार निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती अनिवार्य की गई है, जिनमें कुछ सशस्त्र गार्ड भी शामिल होंगे। ये गार्ड कार्यक्रम स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरदायी होंगे।
इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए प्रवेश और निकासी द्वार अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की समस्या न हो।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त विद्युत बैकअप और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्डिंग बैकअप सुरक्षित रखना भी आयोजकों की जिम्मेदारी होगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि इन निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती गई और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो संबंधित आयोजक के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
