Nainital: जिले में पीली नंबर प्लेट वाली टैक्सी बाइक और स्कूटी के संचालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब ऐसे वाहनों को वाहन स्वामी या उसकी ओर से आधिकारिक रूप से नियुक्त चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति नहीं चला सकेगा। पर्यटकों द्वारा टैक्सी दोपहिया वाहन बुक करने पर उसके साथ अधिकृत चालक का होना अनिवार्य रहेगा।
पुलिस के अनुसार, बड़ी संख्या में वाहन स्वामी नियमों की अनदेखी कर अपनी पीली नंबर प्लेट वाली बाइक और स्कूटी पर्यटकों को किराये पर दे रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में एक ही व्यक्ति के नाम पर चार से पांच तक वाहन पंजीकृत थे, जिन्हें पर्यटकों को ऊंची कीमत पर किराये पर संचालित कराया जा रहा था।
परमिट नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया। बुधवार शाम से शुरू हुए अभियान में बृहस्पतिवार तक 72 टैक्सी बाइक और स्कूटी सीज की जा चुकी हैं। वहीं, 258 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 47 हजार रुपये के नकद चालान किए गए हैं।
एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पीली नंबर प्लेट वाला दोपहिया वाहन केवल उसका स्वामी या उसकी ओर से आधिकारिक रूप से नियुक्त चालक ही चला सकता है। पर्यटकों को किराये पर दोपहिया वाहन लेना है तो वे काली नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे वाहनों को पर्वतीय मार्गों पर भी ले जाने की अनुमति है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
