Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: आंबेडकर नगर के मंदिर में लावारिस मिली 6 माह की मासूम, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस

Haldwani: आंबेडकर नगर के मंदिर में लावारिस मिली 6 माह की मासूम, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित आंबेडकर नगर के एक मंदिर में शनिवार को छह माह की बच्ची अकेली मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर एक महिला ने उसे गोद में उठाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाल कल्याण समिति की मदद से बच्ची को संरक्षण में लेकर शिशु सदन पहुंचाया, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है।

मां की ममता और अपनों की गोद की जरूरत वाली उम्र में मंदिर के फर्श पर अकेली मिली मासूम की घटना ने लोगों को भावुक कर दिया। बच्ची की सिसकियां सुनकर एक महिला उसके पास पहुंची और उसे गोद में उठाकर सीने से लगा लिया। महिला की गोद में आते ही बच्ची शांत हो गई। इसके बाद मंदिर में मौजूद लोगों ने उसके परिजनों की तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक कोई सामने नहीं आया। आखिरकार महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम को बुलाया। टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर चिकित्सकीय जांच कराई। जांच के दौरान बच्ची को सर्दी लगने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे दवा दी गई। इसके बाद उसे शिशु सदन भेज दिया गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।

नवरात्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले मंदिर में मिली इस मासूम की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस उम्र में बच्चे को हर पल देखभाल और सुरक्षा की जरूरत होती है, उस उम्र में उसका इस तरह अकेला मिलना चिंता का विषय है। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही बीते छह माह में विभिन्न अस्पतालों में हुए प्रसव के रिकॉर्ड भी देखे जा रहे हैं। बच्ची को मंदिर में छोड़कर जाने वाले लोगों की तलाश के लिए दो टीमें जुटाई गई हैं।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि बच्ची के परिजनों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अस्पतालों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। वहीं, नैनीताल की जिला प्रोबेशन अधिकारी वर्षा आर्या के अनुसार, बच्ची का वजन सात किलोग्राम से अधिक है और वह फिलहाल स्वस्थ है। शिशु सदन में उसकी देखभाल की जा रही है। यदि उसके जैविक माता-पिता का पता चलता है, तो उनसे संपर्क किया जाएगा। अन्यथा, नियमानुसार गोद लेने की प्रक्रिया पूरी होने पर उसे किसी इच्छुक परिवार को गोद दिया जा सकता है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *