Haldwani: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशन में चल रहे प्री-एसआईआर अभियान के अंतर्गत 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान मतदाता सूचियों में दर्ज मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूचियों से मैपिंग का कार्य तेजी से जारी है। अब तक औसतन 75 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
जो मतदाता अब तक मैपिंग प्रक्रिया से छूट गए हैं, उनकी सुविधा के लिए निर्वाचन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर एवं नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी द्वारा मतदान केंद्रवार विशेष शिविरों का रोस्टर जारी किया गया है। निर्धारित तिथियों एवं समयानुसार विभिन्न मतदान केंद्रों पर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) तथा क्षेत्रीय पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिकतम मतदाता इसका लाभ उठा सकें। बूथ स्तर पर गठित मतदाता जागरूकता समूह (बैग) को भी सक्रिय किया गया है।
शिविरों में हो रहे मैपिंग कार्य की प्रभावी निगरानी एवं जांच के लिए सहायक नगर आयुक्त, नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार हल्द्वानी को अलग-अलग केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी स्वयं भी शिविरों का निरीक्षण कर मैपिंग कार्य की समीक्षा करेंगे।
नगर मजिस्ट्रेट ने 59-हल्द्वानी विधानसभा के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित कैंपों में पहुंचकर अपने नाम की मैपिंग सुनिश्चित कराएं। साथ ही उन्होंने निवेदन किया है कि जब बीएलओ घर-घर सत्यापन हेतु आएं तो उनका सहयोग करें तथा स्वयं या अपने परिजनों का वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज विवरण उपलब्ध कराएं। वर्ष 2003 में देश के किसी भी स्थान पर मतदाता के रूप में दर्ज नाम मैपिंग के लिए मान्य होंगे, जिससे मतदाता अपना मताधिकार सुरक्षित रख सकें।

Chief Editor, Aaj Khabar
