Haldwani: उत्तराखंड में रोजगार और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने हल्द्वानी के तीनपानी बरेली रोड, गौजाजाली बिचली क्षेत्र में वैश्विक प्रोफेशनल सर्विसेज कंपनी “Highspring” के अत्याधुनिक आईटी एवं एआई केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर को “Celebrating Our Next Big Leap” के रूप में चिन्हित करते हुए राज्य को टेक्नोलॉजी और इनोवेशन हब बनाने की दिशा में इसे बड़ी उपलब्धि बताया गया।
उद्घाटन समारोह में मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली युवाओं और असीम संभावनाओं के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। राज्य में लगातार ऐसे निवेश लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो रोजगार सृजन के साथ-साथ आर्थिक विकास को भी गति दें।
उन्होंने कहा कि “Highspring” जैसी वैश्विक कंपनी का आगमन उत्तराखंड को आईटी और एआई के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा और राज्य को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूती प्रदान करेगा। यह पहल प्रधानमंत्री के विकसित भारत और मुख्यमंत्री के विकसित उत्तराखंड के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में “Highspring” के मैनेजिंग पार्टनर श्री अखिल चौधरी और उनकी टीम को राज्य में निवेश के लिए सम्मानित किया गया। मंत्री ने उनके निर्णय को उत्तराखंड के अनुकूल वातावरण और यहां के युवाओं की प्रतिभा में विश्वास का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस परियोजना को “रोजगार युक्त उत्तराखंड, पलायन मुक्त उत्तराखंड” के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
