Haldwani: उत्तराखंड क्रिकेट के उभरते सितारे लक्ष्य रायचंदानी का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे के लिए हुआ है। खास बात यह है कि लक्ष्य को टीम का उपकप्तान भी नियुक्त किया गया है। उनके चयन की खबर मिलते ही हल्द्वानी स्थित जीएनजी क्रिकेट एरिना में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और क्रिकेट प्रेमियों ने जश्न मनाया।
भारतीय अंडर-19 टीम श्रीलंका दौरे पर तीन वनडे और दो बहुदिवसीय मैच खेलेगी। जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपने ने बताया कि लक्ष्य इस समय देहरादून में उत्तराखंड रणजी टीम के कैंप में शामिल हैं। वह 25 जून को बेंगलुरु में भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे, जबकि दौरे के मुकाबले 4 जुलाई से शुरू होंगे।
लक्ष्य रायचंदानी ने पिछले कुछ वर्षों में अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया और चार मैचों में तीन अर्धशतक लगाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। त्रिपुरा के खिलाफ 64 रन, असम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 86 रन और कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में 56 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
वर्ष 2023-24 में विजय मर्चेंट ट्रॉफी में लक्ष्य ने पांच मैचों में एक दोहरा शतक, तीन शतक और दो अर्धशतक की मदद से 833 रन बनाए। 138.83 की औसत के साथ वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें बीसीसीआई का प्रतिष्ठित नमन अवार्ड भी मिला।
इसके बाद 2024-25 सीजन में उन्होंने अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में 191 रन और कूच विहार ट्रॉफी में 396 रन बनाए। वहीं 2025-26 सीजन में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वीनू मांकड़ ट्रॉफी के पांच मैचों में उन्होंने 103, 76, 76, 42 और 11 रन की पारियां खेलते हुए कुल 308 रन बनाए।
महज आठ वर्ष की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू करने वाले लक्ष्य पिछले पांच वर्षों से हल्द्वानी में रहकर जीएनजी क्रिकेट एरिना में कोच अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके चयन से कोच अभिषेक कुमार भी बेहद उत्साहित हैं।
जीएनजी क्रिकेट एरिना की डायरेक्टर पूजा कांडपाल और मैनेजिंग डायरेक्टर दिग्विजय कनवाल ने लक्ष्य को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा, जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित हृदयेश सहित अनेक खेल पदाधिकारियों और क्रिकेट प्रेमियों ने लक्ष्य की इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
