Haldwani: 12 अप्रैल 2026 को जोहार शौका क्षेत्रीय समिति (JSKS) द्वारा “जोहार शौका यूथ एंटरप्रेन्योरशिप एवं बिजनेस कॉन्क्लेव” का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को व्यवसाय, उद्यमिता और नेतृत्व के क्षेत्र में नई संभावनाओं से जोड़ना तथा समाज के आर्थिक और सामाजिक विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, उद्यमियों और समाजसेवियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने युवाओं को आधुनिक व्यावसायिक अवसरों, तकनीकी नवाचारों और रोजगार की नई दिशाओं के प्रति प्रेरित किया। विशेष रूप से स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, पारंपरिक कौशल को आधुनिक बाजार से जोड़ने और सामुदायिक सहयोग की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में मुंबई से डॉ. त्यागी रावत, देहरादून से पूर्व आईजी गणेश मार्तोलिया, भीमताल स्थित CICFR के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. रवि पंतियाल, पिथौरागढ़ फिशरी विभाग के सहायक निदेशक डॉ. रमेश चंदलाल, उत्तराखंड ऊन एवं भेड़पालन विभाग से डॉ. शिखा कृति नेगी, नई दिल्ली से इंजीनियर पवन पंचपाल, हल्द्वानी से एग्रीबिजनेस उद्यमी सुमित लखोटिया, सीए नितिक आहूजा, जूट इंडस्ट्री के उद्यमी संजीव भटनागर, SBI के AGM दीवान सिंह पांगती सहित कई गणमान्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।
युवा उद्यमियों में दीपक मार्तोलिया (एडवेंचर और होटल व्यवसाय), डॉ. मयंक पांगती (आई केयर सेंटर), इंजीनियर पवन पंचपाल, मोटिवेशनल स्पीकर कवी बृजवाल, संदीप और आकाश पंचपाल (मत्स्य पालन व ई-स्पोर्ट्स), हिमांशु पांगती (टैटू आर्ट), अंजू मार्तोलिया (ब्यूटी पार्लर व महिला समूह), विवेक मार्तोलिया (होटल व्यवसाय), सौरभ गनघरिया (रिजॉर्ट), वीरेन्द्र मंपवाल (हस्तशिल्प), मेघा टोलिया (विधि क्षेत्र) और रोहन पांगती (फूड व क्रिएटिव आर्ट) जैसे युवाओं ने अपने अनुभव और योजनाएं साझा कीं।
पैनल चर्चा के दौरान युवाओं ने अपने स्टार्टअप, भविष्य की योजनाओं और चुनौतियों पर खुलकर विचार रखे, जो काफी प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम में जोहार सहयोग निधि, अन्न बचत समूह, नई दिल्ली और अन्य सहयोगी संस्थाओं द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग के लिए JSKS ने सभी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में JSKS के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र जंगपांगी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप रावत (IGNOU), सहायक प्रोफेसर नीरज पांगती और शोध छात्रा तनुजा मार्तोलिया ने किया।
यह सम्मेलन न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, बल्कि समाज में आत्मनिर्भरता, नवाचार और सामुदायिक विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ।

Chief Editor, Aaj Khabar
