Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम, देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाना है। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को हमें अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। जब तक हर नागरिक स्वेच्छा से इस दिशा में योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम, देहरादून के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जनभागीदारी आधारित अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से चलाए जाएं, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता लगातार बनी रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
