Dehradun: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड के अपने 27वें दौरे पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
प्रधानमंत्री इस दौरे में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे, जिससे उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इसके अलावा टिहरी में 1000 मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी उद्घाटन किया जाएगा, जो ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। राज्य सरकार और प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा हुआ है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, जबकि यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है।
प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और उनके लगातार दौरों ने राज्य में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, आदि कैलाश और मुखबा जैसे धार्मिक स्थलों के उनके दौरों के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है।
टिहरी का वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र, टिहरी हाइड्रो पावर कॉम्प्लेक्स का हिस्सा है, जो बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नई तकनीक को बढ़ावा देगा। यह परियोजना देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली है।

Chief Editor, Aaj Khabar
