Haridwar: हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब नगर निगम की कार्रवाई से बचने के प्रयास में दो युवक अपनी ठेली लेकर गंगा के बहाव में उतर गए। यह घटनाक्रम उस समय हुआ जब प्रशासन अवैध कब्जों को हटाने के लिए सख्ती से अभियान चला रहा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही नगर निगम की टीम ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाना शुरू किया, मौके पर मौजूद कुछ ठेली संचालकों में हड़कंप मच गया। इसी बीच दो युवक अपनी ठेली को जब्त होने से बचाने के लिए सीधे गंगा में उतर गए। हालांकि गनीमत यह रही कि उस समय गंगा का प्रवाह अत्यधिक तेज नहीं था, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और दोनों युवक सुरक्षित बाहर आ गए।
घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, नगर निगम हरिद्वार द्वारा जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। पिछले छह दिनों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत हरकी पैड़ी स्थित सीसीआर टावर क्षेत्र और रोड़ीबेलवाला इलाके में विशेष अभियान चलाकर 30 से अधिक ठेलियों और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से हटाया गया।
प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा और कुंभ मेले जैसे बड़े आयोजनों से पहले शहर को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Chief Editor, Aaj Khabar
