Headlines

Haridwar: गंगा में अचानक जलस्तर बढ़ा, सप्तऋषि घाट पर फंसे 21 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू

Haridwar: गंगा में अचानक जलस्तर बढ़ा, सप्तऋषि घाट पर फंसे 21 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू
शेयर करे-

Haridwar: सप्तऋषि घाट क्षेत्र में रविवार को गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन और पुलिस की तत्परता से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर टापू पर फंसे 21 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के अनुसार सुबह करीब 10:40 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण कई लोग बीच धारा में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही जल पुलिस, पीएसी, फ्लड कंपनी और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और तेजी से राहत कार्य शुरू किया।

इसी दौरान कबीर कुटीर घाट क्षेत्र में भी गंगा के बीच बने टापू पर स्नान कर रहे श्रद्धालु अचानक बढ़े जलस्तर के कारण फंस गए। तेज बहाव के चलते वे सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके। मौके पर पहुंची पुलिस, चेतक कर्मियों और जल पुलिस की टीम ने बोट और राहत उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान टापू पर फंसे 10 पुरुष, 7 महिलाएं और 4 बच्चों को सुरक्षित किनारे पर लाया गया। सभी श्रद्धालु दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय जलस्तर और बहाव की स्थिति का विशेष ध्यान रखें तथा नदी के बीच बने टापू या गहरे स्थानों पर जाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *