Haldwani: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में शीतकालीन सत्र जनवरी 2026 के दौरान प्रवेश संख्या में एक बार फिर जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। विश्वविद्यालय की कुल प्रवेश संख्या इस वर्ष बढ़कर 39,436 पहुंच गई है, जो वर्ष 2025 के 33,501 के मुकाबले लगभग 6 हजार अधिक है। नए प्रवेशों की संख्या भी बढ़कर 6,608 हो गई है, जबकि पिछले शीतकालीन सत्र में यह आंकड़ा 5,358 था।
ताजा आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में आई गिरावट के बाद 2026 में प्रवेश रुझान ने सकारात्मक दिशा पकड़ ली है। वर्ष 2021 से 2024 तक लगातार वृद्धि के बाद आई कमी अब खत्म होती दिखाई दे रही है और प्रवेश संख्या में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।
जनवरी 2025 में कुल प्रवेश 33,501 और नए प्रवेश 5,358 थे, जबकि जनवरी 2026 में कुल प्रवेश 39,436 और नए प्रवेश 6,608 हो गए हैं। यह वृद्धि दूरस्थ शिक्षा के प्रति बढ़ते भरोसे और विश्वविद्यालय की सक्रिय कार्यप्रणाली का संकेत मानी जा रही है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए इसका श्रेय विश्वविद्यालय परिवार, अध्ययन केंद्रों, क्षेत्रीय कार्यालयों, निदेशकों, समन्वयकों, संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और मीडिया को दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से लेकर अध्ययन केंद्रों तक चलाए गए सतत संपर्क अभियान और व्यापक प्रचार-प्रसार का यह सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज में दूरस्थ शिक्षा के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है और विश्वविद्यालय इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में 14 विद्याशाखाओं के अंतर्गत 100 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश और देशभर के विद्यार्थियों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने इस सत्र में दूरस्थ शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए। विभिन्न मेलों और आयोजनों में स्टॉल लगाकर जागरूकता बढ़ाई गई तथा निशुल्क पुस्तक वितरण जैसी पहल भी की गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
