Haldwani: जनपद नैनीताल में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कालाढूंगी पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर और एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में 08 मई 2026 को प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में कालाढूंगी-नैनीताल रोड स्थित सुमन आनंद गेस्ट हाउस के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आदित्य श्रीधर काण्डपाल पुत्र मोहन चन्द्र काण्डपाल निवासी तल्लीताल, नैनीताल बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.61 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, उपनिरीक्षक बलवीर चन्द्र, कांस्टेबल विरेन्द्र सिंह राणा और कांस्टेबल मनोज द्विवेदी शामिल रहे।
वहीं दूसरे मामले में 07 मई 2026 को कालाढूंगी निवासी गंगाराम ने घर से नगदी और मोबाइल चोरी होने की शिकायत पुलिस को दी थी। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 50 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान की और कोटाबाग रोड वन क्षेत्र से राजेन्द्र सिंह राणा पुत्र भीम सिंह राणा निवासी डाक बंगला कालाढूंगी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 800 रुपये की नगदी और टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और नशा तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

Chief Editor, Aaj Khabar
