Headlines

Haldwani: सपेरों के भेष में चोरी का खेल, हल्द्वानी-मुखानी में 25 लाख के जेवर उड़ाने वाले 3 शातिर गिरफ्तार

Haldwani: सपेरों के भेष में चोरी का खेल, हल्द्वानी-मुखानी में 25 लाख के जेवर उड़ाने वाले 3 शातिर गिरफ्तार
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त पुलिस टीम ने बेल बाबा मंदिर क्षेत्र से तीन आरोपियों को चोरी के माल समेत गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पहला मामला कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र का है, जहां हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 मई को उनके कोटाबाग जाने के दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वहीं दूसरा मामला थाना मुखानी क्षेत्र का है, जहां पूरनपुर कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह के घर से नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी की गई थी।

घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच में हरिद्वार नंबर की बाइक पर घूम रहे तीन युवकों पर शक गहराया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बेल बाबा मंदिर के पास से प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार के सपेरा समुदाय से हैं और नैनीताल घूमने आए थे। हल्द्वानी में होटल में ठहरने के दौरान उन्होंने बंद घरों की रेकी की और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

बरामद सामान में सोने की चेन, मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, चोकर, पायल, बिछुए, कमरबंद समेत बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *