Haldwani: लगातार हो रही बारिश के बीच हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तिकोनिया नैनीताल रोड, कैनाल रोड (जीएसटी भवन के निकट, काठगोदाम) तथा वार्ड संख्या 29 और 30 का दौरा कर नालियों की स्थिति, सफाई व्यवस्था और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता बेहद आवश्यक है और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था और जल निकासी को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में कार्य कर रही हैं और प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी-काठगोदाम का प्रत्येक वार्ड स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त रखना उनकी प्राथमिकता है। नागरिकों की सुविधा सर्वोपरि है और नगर निगम हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, नालियों में कचरा न फेंकें तथा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।


Chief Editor, Aaj Khabar
