Haldwani: हल्द्वानी के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पढ़ने वाला कक्षा 9 का छात्र यथार्थ मिश्रा, जो 20 मार्च को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था, को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। छात्र की स्कूटी और किताबें गोरापड़ाव बाईपास के जंगल में जली हुई मिली थीं, जिसके बाद से परिवार बेहद चिंतित था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
टीपीनगर चौकी क्षेत्र के जीतपुर नेगी महादेव एनक्लेव वार्ड नंबर 56 निवासी व शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी योगेश मिश्रा के 15 वर्षीय बेटे यथार्थ की परीक्षाएं चल रही थीं। उसके अचानक लापता होने के बाद पुलिस ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें वह गोरापड़ाव बाईपास के जंगल की ओर जाता दिखा। इसके बाद पुलिस और स्वजन जंगल में पहुंचे, जहां छात्र की स्कूटी और किताबें जली हुई मिलीं। पुलिस और एसओजी की टीम ने गहन छानबीन शुरू की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से छात्र की तलाश में जुट गई।
शनिवार देर रात पुलिस को सफलता मिली और छात्र को दिल्ली से बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि नाराजगी के चलते यथार्थ दिल्ली चला गया था और इसी गुस्से में उसने खुद ही अपनी स्कूटी और किताबें जला दी थीं। पुलिस ने छात्र को सकुशल बरामद कर लिया है और उसे आज परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
