Haldwani: शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस को बिड़ला स्कूल गोलीकांड मामले में बड़ी सफलता मिली है। 23 जून की रात प्रेमपुर लोश्ज्ञानी रोड स्थित बिड़ला स्कूल के पास हुई फायरिंग की घटना में शामिल तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में एक युवक को गोली लगी थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और अब तक मुख्य आरोपी सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए ताजा तीन आरोपियों में ओम जोशी, बलवंत और पीयूष रावत शामिल हैं, जिन्हें गन्ना सेंटर से सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल राजेश यादव के अनुसार, फायरिंग की वजह क्रिकेट मैच के दौरान दो युवकों के बीच हुआ विवाद बताया गया है। मामले में कुल छह आरोपी फरार चल रहे थे, जिनमें अब तीन को पकड़ा जा चुका है। शेष तीन की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम सक्रिय है। आरोपियों के लगातार ठिकाने बदलने के बावजूद पुलिस ने सूझबूझ से उन्हें दबोचने में सफलता हासिल की है।
इस प्रकरण में चांदनी चौक बल्यूटिया आनंदपुर निवासी जितेंद्र मेहरा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा कर रही है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

