Haldwani: काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण की जांच में तेजी लाते हुए विशेष जांच टीम (SIT) के अध्यक्ष एवं IG STF नीलेश आनंद भरणे शुक्रवार को काठगोदाम पहुंचे। SIT प्रमुख ने टीम के साथ घटनास्थल (क्राइम सीन) का निरीक्षण किया, जहां एफएसएल टीम के माध्यम से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। साथ ही प्रकरण से जुड़े स्वतंत्र गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
SIT चीफ ने बताया कि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस कार्यालय, थाना आईटीआई, चौकी पैगा सहित संबंधित सभी कार्यालयों व शाखाओं में उपलब्ध इस मामले से जुड़े समस्त अभिलेखों और दस्तावेजों को संरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि साक्ष्यों की शुचिता बनी रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि SIT टीम के अतिरिक्त स्थानीय पुलिस को पीड़ित परिवार अथवा गवाहों से किसी भी प्रकार के अनावश्यक संपर्क से रोका गया है। वहीं, पीड़ित परिवार की सुरक्षा के दृष्टिगत उनके आवास पर अन्य जनपदों से पुलिस गार्द की तैनाती की जा रही है।
तकनीकी विश्लेषण को सुदृढ़ करने के लिए SIT में तीन उप निरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को शामिल किया गया है। इसमें उप निरीक्षक हेमंत कठैत (थाना लोहाघाट), उप निरीक्षक सोनू सिंह (एएनटीएफ), उप निरीक्षक राधिका भंडारी (थाना चम्पावत), हेड कांस्टेबल विनोद यादव (थाना बनबसा), हेड कांस्टेबल कमल कुमार (थाना टनकपुर) और कांस्टेबल गिरीश भट्ट (सर्विलांस सेल, टनकपुर) शामिल हैं।
देर सायं SIT टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान SIT चीफ ने बताया कि इस संवेदनशील प्रकरण की विवेचना तथ्यों, साक्ष्यों और विधिक प्रावधानों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटनास्थल निरीक्षण के उपरांत थाना आईटीआई में पंजीकृत एफआईआर को काठगोदाम थाने में स्थानांतरित किया जा रहा है। जांच के दौरान विधिसम्मत सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Chief Editor, Aaj Khabar
