Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के नागांव जिले में विकास परियोजनाओं की श्रृंखला का शुभारंभ करते हुए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—गुवाहाटी (कामाख्या)-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस—को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने कालियाबोर में नेशनल हाईवे-715 के कालियाबोर–नुमालीगढ़ खंड को चार लेन में विस्तारित करने वाले काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखी।
करीब 6,950 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाला 86 किलोमीटर लंबा यह काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर देश के पर्यावरण-संवेदनशील राष्ट्रीय राजमार्ग प्रोजेक्ट्स में अहम माना जा रहा है। परियोजना में 35 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर शामिल है, जो काजीरंगा नेशनल पार्क से होकर गुजरेगा। इसके अलावा 21 किलोमीटर का बाईपास सेक्शन विकसित किया जाएगा, जबकि मौजूदा एनएच-715 के लगभग 30 किलोमीटर हिस्से को दो लेन से चार लेन में अपग्रेड किया जाएगा।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य काजीरंगा क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। यह कॉरिडोर नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगा, जिससे अपर असम—विशेषकर डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया—की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा।
एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के माध्यम से वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष में कमी आएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, यात्रा समय और दुर्घटना दर घटेगी तथा बढ़ते यात्री और माल परिवहन ट्रैफिक को प्रभावी ढंग से संभाला जा सकेगा।
परियोजना के अंतर्गत जाखलाबंधा और बोकाखाट में बाईपास का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे कस्बों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, शहरी आवागमन सुधरेगा और स्थानीय निवासियों की जीवन गुणवत्ता में सुधार आएगा। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट के मॉडल का अवलोकन भी किया। इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी प्रधानमंत्री के प्रति जनता के उत्साह को दर्शाती है।

Chief Editor, Aaj Khabar
